कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 22 अप्रैल। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में मारपीट, धमकी और घर में तोडफ़ोड़ के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बडग़ांव (बदरंगी) निवासी राजेश्वरी कोमरा ने 13 अप्रैल की घटना को लेकर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 4 बजे गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने घर का दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश किया और उनके पति नोहरू राम कोमरा के साथ मारपीट की, साथ ही घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निर्मल जांगड़े के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा जब्त किया गया।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। गिरफ्तार आरोपियों में ललित आंचला , प्रभु राम आंचला , देवनाथ कोमरा, सुनील हिडक़ो और दासू सलाम शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


