कांकेर

जमीन विवाद : युवक की मौत, 9 आरोपी गिरफ्तार
07-Apr-2026 11:49 PM
जमीन विवाद : युवक की मौत, 9 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 7 अप्रैल। कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीवी-27 में जमीन विवाद के दौरान एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए थाना और तहसील कार्यालय का घेराव किया।  गुस्साए लोगों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के साथ बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने  इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मामला लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई की भी मांग की।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति रही। महिलाएं और युवा भी प्रदर्शन में शामिल हुए और नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मामले में 9 आरोपियों रामचन्द्र राय, राजबिहारी राय, चांदमोहन राय, चंदन राय, राजेश राय, विभूति राय,  भरत राय व 2 अन्य को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लोहे की टांगी, एक लोहे का पाइप और लकड़ी के डंडे बरामद किए गए हैं। प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।


अन्य पोस्ट