कांकेर

नशीली सिरप की अवैध बिक्री, मेडिकल संचालक सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
03-Apr-2026 11:23 PM
नशीली सिरप की अवैध बिक्री, मेडिकल संचालक सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

कांकेर/जगदलपुर, 3 अप्रैल। कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली सिरप की अवैध बिक्री के मामले में एक मेडिकल संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को 1 अप्रैल को सूचना मिली कि दो व्यक्ति नया गोविंदपुर मैदान क्षेत्र में अवैध नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया।

पूछताछ में उन्होंने अपने नाम हर्ष कदम गोविंदपुर कांकेर और आकाश कुमार गजभिये उदयनगर कांकेर बताए। दोनों ने बताया कि वे सिरप धमतरी जिले के आमातालाब रोड स्थित सुश्रुता फार्मेसी से लाते थे।

इसके बाद पुलिस टीम ने धमतरी में संबंधित मेडिकल दुकान पर कार्रवाई की। जांच में बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवा बेचे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने मेडिकल दुकान को सील कर दिया।

मामले में हर्ष कदम, आकाश कुमार गजभिये और मेडिकल संचालक मनीष सिंह राठौर धमतरी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट