कांकेर

दूसरी शादी से नाराज सामाजिक अध्यक्ष ने 2 साथियों संग मिलकर की थी हत्या, तीनों बंदी
26-Mar-2026 9:26 PM
दूसरी शादी से नाराज सामाजिक अध्यक्ष ने 2 साथियों संग मिलकर की थी हत्या, तीनों बंदी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 26 मार्च। पुलिस ने 4 साल पुराने अंधे कत्ल को सुलझाते हुए 3 आरोपियों को पकड़ा। पहली पत्नी के रहते के दूसरी शादी करने की तैयारी में जुटे युवक को नाराज होकर गांव के सामाजिक प्रमुख सहित तीन लोगों ने मिलकर मार डाला। पुलिस ने इसमें संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मामले का खुलासा करते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने बताया कि कांकेर जिले के थाना ताड़ोकी क्षेत्रांतर्गत 13 मार्च 2022 को प्रार्थी महेन्द्र कुमार ध्रुव निवासी चिहरीपारा सरंडी द्वारा अपने परिजन सदेश कुमार ध्रुव की संदिग्ध मृत्यु के संबंध में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने पर रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किया जाना पाया गया।

इस आधार पर थाना ताड़ोकी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

मृतक सदेश कुमार ध्रुव का विवाह 14 वर्ष पूर्व हुुआ था तथा उनके दो बच्चे है। कुछ वर्ष बाद उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति सही नहीं होने पर वह इलाज हेतु ग्राम बेलगांव, जिला नारायणपुर जाकर रहने लगी। इस बीच मृतक सदेश कुमार ध्रुव एक दूसरी महिला से दूसरी शादी करने सामाजिक रीति रिवाज से फलदान का कार्यक्रम भी सम्पन्न कर लिया था।

आरोपी गंगूराम ध्रुव अपने क्षेत्र का सामाजिक अध्यक्ष होने पर सदेश के द्वारा दूसरी शादी की बात को लेकर काफी नाराज था । वह नहीं चाहता था कि एक जीवित पत्नी रहते हुए सदेश दूसरी शादी करे। इस बात को लेकर काफी विवाद की भी हुआ था। 13 मई 2022 को ग्राम सरंडी में आयोजित सामाजिक बैठक में इसे प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक पश्चात सामाजिक प्रमुख आरोपी गंगूराम ध्रुव, मंगूराम ध्रुव दोनों निवासी ग्राम सरंडी तथा रजउ राम ध्रुव शराब पीकर मृतक सदेश कुमार ध्रुव के दूसरी शादी की बात को लेकर आक्रोश में आकर उसे मारने की योजना बनाए।

 

 इसी दिन रात्रि में लगभग 8:30 बजे आरोपी गंगूराम ध्रुव, मंगूराम ध्रुव एवं रजउराम ध्रुव मृतक सदेश कुमार ध्रुव के घर पहुंचकर उसे अकेले में पाकर गला घोंटकर हत्या कर शव को उसके बिस्तर पर लिटाकर वहां से फरार हो गये थे। प्रार्थी की सूचना पर थाना ताड़ोकी में अपराध पंजीबद्ध कर लगातार विवेचना की जा रही थी।

 प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर (अंतागढ़) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा (साइबर नोडल)के मार्गदर्शन में तथा उप पुलिस अधीक्षक गिरिजाशंकर साव (नक्सल ऑप्स) के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित कर अज्ञात हत्या के मामले को सुलझाने के लिए निर्देशित किया गया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत कुमार श्याम, निरीक्षक दिलेश्वर चंद्रवंशी के द्वारा सायबर सेल कांकेर एवं थाना ताड़ोकी की संयुक्त टीम द्वारा पून: घटना स्थल का मुआयना कर टीम द्वारा लगातार साक्ष्य संकलन कर 23 मार्च को ग्राम सरंडी में पुन: गहन पूछताछ के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने मिलकर सदेश कुमार ध्रुव की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया।


अन्य पोस्ट