कांकेर

रफ्तार कार की ठोकर, बाइक सवार की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार
09-Feb-2026 10:08 PM
रफ्तार कार की ठोकर, बाइक सवार की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 9 फरवरी। तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाई जा रही कार की ठोकर से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। इस मामले में कोरर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी नरोत्तम साहू पोटगांव ने थाना कोरर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भाई मोटरसाइकिल से ग्राम कोदागांव से पोटगांव आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार क्रमांक सीजी 19 सी 0316 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी, जिससे दुर्घटना में उनके भाई की मृत्यु हो गई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना कोरर में मर्ग क्रमांक 14/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर शव का पंचनामा किया गया। मर्ग जांच के बाद आरोपी चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 281, 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि 7 फरवरी को कार चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, इसके बाद भागते समय एक अन्य मोटरसाइकिल को भी पीछे से ठोकर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मामले में धारा 105 बीएनएस जोड़ी गई है। साथ ही आरोपी द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी प्रकरण में शामिल की गई है।

विवेचना के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच में पाया गया कि आरोपी नवाज अली, निवासी संजय नगर कांकेर ने शराब के नशे में तेज गति से वाहन चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की कार क्रमांक सीजी 19 सी 0316 तथा उसका ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट