कांकेर
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान पर कांकेर में प्रेसवार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 11 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांकेर में पार्टी कार्यालय कमल सदन में प्रेसवार्ता ली। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, हाल के जीएसटी सुधार और कर कानूनों के सरलीकरण से व्यापार सुगमता और नागरिकों को राहत मिली है। मोदीजी का लक्ष्य देश को विकसित बनाना और 150 करोड़ नागरिकों का जीवन आसान बनाना है।
किरण सिंह देव ने बताया कि पार्टी ने 25 सितंबर (पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती) से आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान शुरू किया है, जो 25 दिसंबर (भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जयंती) तक चलेगा।
उन्होंने कहा, यदि रक्षा क्षेत्र को देखें तो 2014 से पहले हम बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर थे, लेकिन अब निर्यातक बन चुके हैं। 2014-15 में भारत का रक्षा निर्यात 1,941 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में 23,622 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने स्टार्टअप और यूनिकॉर्न कंपनियों का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन के ध्येय पर काम कर रहे हैं और इसका लाभ गरीब, किसान, महिला और मध्यम वर्ग तक पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि जीएसटी सुधार लागू होने के बाद बाजारों में उत्साह देखने को मिला है।
स्थानीय उत्पादों पर जोर
किरण सिंह देव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों—बस्तर की लोक कला, चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी, हर्बल उत्पाद, डोकरा व टेराकोटा कला—का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हें राष्ट्रीय व वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्यौहारों में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करें।
प्रेसवार्ता के दौरान सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, मत्स्य आयोग अध्यक्ष भरत मटियारा, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन, जिला महामंत्री दिलीप जायसवाल और अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


