कांकेर

वृद्धा पर भालू का हमला, जख्मी
21-Jul-2025 10:51 PM
वृद्धा पर भालू का हमला, जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 21 जुलाई। बीती रात में घर में सोने जा रही वृद्धा पर भालू ने एकाएक  हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई। उसे मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है।

घटना नरहरपुर ब्लॉक के चवड़ गांव की है। जहां एक 60 वर्षीय  महिला पर भालू ने घर में सोते समय हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल में  भर्ती कराया गया है।

रविवार की रात्रि चवड़ ग्राम की वृद्धा जानो बाई  अपने कमरे में सोने जा रही थी। इसी दौरान एक भालू घर में घुस गया। उसके साथ सामना होने पर  हमला कर दिया। हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरों में सो रहे थे। महिला की चीख चीत्कार सुनकर सब  दौड़ते हुए  उसके पास पहुंचे। लोगों के आवाज सुनकर भालू भाग निकला। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग और प्रशासन  को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नरहरपुर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल मेडिकल कॉलेज कांकेर  पहुंचाया गया। जहां इलाज जारी है। घटना के बाद चवड़ गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अक्सर भालू आदि वन्य पशुओं का आगमन होता है।  इसके बाबजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट