कांकेर

भाजपा मोदी मैजिक के भरोसे और कांग्रेस परंपरागत वोटों से कर रही जीत का दावा
25-Apr-2024 9:18 PM
भाजपा मोदी मैजिक के भरोसे और कांग्रेस परंपरागत वोटों से कर रही जीत का दावा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 25 अप्रैल। कांकेर लोकसभा क्षेत्र में प्रमुख प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस सहित 9 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शुक्रवार को होगा। भाजपा को मोदी मैजिक पर भरोसा तो कांग्रेस परंपरागत वोटों से चुनाव जीतने का दावा कर रही है।

कांकेर लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भोजराज नाग और कांग्रेस के बीरेश ठाकुर के बीच सीधा मुकाबला है । इसके अलावा बहुजन पार्टी से तिलक राम मरकाम को हाथी, इसी प्रकार रजिस्ट्रीकृत राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों में से जीवन लाल मातलाम को तुर्रा बजाता आदमी, थाकेश माहला  बाँसुरी, भोजराम मण्डावी नारियल फार्म, विनोद नागवंशी बाल्टी, सुकचंद नेताम  आरी और सोनसिंह कोट सिम्बॉल से चुनाव लड़ रहे हैं।  इस तरह 9 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

बीते एक महीने से हुए प्रचार से यह आंकलन सामने आया है कि सीधी टक्कर भाजपा व कांग्रेस के मध्य है। भाजपा मोदी मैजिक के भरोसे चुनाव जीतने का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस अपने परंपरागत वोटों से अपनी नैया पार होने की उम्मीद रखती है। दोनों ही पार्टियां 25 अप्रैल की रात भर तक मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने पूरी ताकत झोंक दिए।

अब फैसला मतदाताओं के हाथों में है। कांग्रेस ने बाहरी प्रचार के बजाय सीधे मतदाताओंं के संपर्क में अपना समय और धन लगाया तो भाजपा के आमसभाओं पर ज्यादा जोर देती रही है। वहीं भाजपा  मोदी मैजिक पर चुनाव जीतने पूरी तरह आश्वस्त है। जिसके चलते वे घर-घर दस्तक भी देने नहीं गए। दोनों ही पार्टियों में धन की कोई कमी नहीं रही है। दोनों ही पार्टियों के धन के खर्च का तरीका अलग रहा है।

कांग्रेस के बारे में बताया जा रहा है कि उनका धन मतदाताओं और सामान्य  कार्यकर्ताओं के बीच अधिक खर्च हुआ, वहीं भाजपा के बारे में कहा जा रहा है कि मिला चुनाव फंड का पैसा संचालकों व बड़े नेताओं के हाथों के जरिए हुआ था। ंअब देखना है कि दोनों पार्टियों के धन का खर्च कितना असरकारी होगा। परिणाम आने पर ही पता चलेगा।


अन्य पोस्ट