कांकेर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 8 जनवरी। कल रात जिले के पखांजूर पुराना बाजार चौक पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशीम रॉय को गोली मारकर हत्या कर दी गई। अशीम रॉय को पखांजूर सिविल अस्पताल में लाया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या के विरोध में आज भाजपा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन कर रहेे हैं। धरना स्थल पर भाजपा के विधायक विक्रम उसेंडी भी पहुंचे हैं।
डॉक्टरों ने बताया कि सिर पर गहरी चोट लगने से अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई है। मौत की क्या वजह है, पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे उन्हें गोली मार कर हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार अब तक हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला है। अज्ञात हत्यारों ने घटना को अंजाम देकर फरार हो गए हैं।
घटना के बाद पखांजूर सिविल अस्पताल में अशीम रॉय को लाया गया। जहाँ मौके पर भाजपा समर्थकों एवं नगरवासियों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई थी। घटना के बाद पखांजूर में चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बलों का सर्चिंग बढ़ाया गया है । पखांजूर पुलिस आरोपी की खोजबीन के लिए जुट गई है।
इधर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशीम रॉय की हत्या के बाद पखांजूर में माहौल बिगड़ गया है। बताया जाता है कि भाजपा समर्थकों ने पखांजूर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालय के सामने नगर पंचायत के वार्ड पार्षद विकास पाल के होटल में तोड़-फोड़ भी किए हैं।