जशपुर
दो की मौत, तीसरा ने नाले में कूदकर बचाई जान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 13 फरवरी। जशपुर शहर के चार किलोमीटर दूर जशपुर के गम्हरिया इलाके में एनएच 43 पर गुरुवार की सुबह 6 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने मॉर्निंग वाक पर निकले दो वाहन मिस्त्री को कुचल दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिकअप लेकर कुनकुरी की ओर फरार हो गया। हादसे के दौरान तीन वाहन मैकेनिक साथ में टहल रहे थे।
तीसरे ने सडक़ किनारे नाले में कूदकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार गम्हरिया स्थित लकड़ा गैरेज के संचालक गम्हरिया निवासी अब्दुल लकड़ा (55), अपने गैरेज के मिस्त्री हीरा राम (40) और पुषनाथ उरांव के साथ रोजाना की तरह गुरुवार को भी मॉर्निंग वाक के लिए निकले थे। सुबह 6 बजे जब तीनों गर्ग हाउस के पास से गुजर रहे थे, रांची से कुनकुरी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप इनकी ओर आई। यह देखकर पुषनाथ उरांव सडक़ किनारे नाले में कूद गया।
हादसे में मृत अब्दुल लकड़ा और हीरा दोनों पेशे से वाहन मिस्त्री थे और गम्हरिया में लंबे समय से गैरेज चला रहे थे। हादसे की खबर के बाद गम्हरिया में माहौल गमगीन हो गया। गुरुवार को घटना के विरोध में गम्हरिया के सभी मोटर गैरेट, होटल, पान दुकान व अन्य दुकानें बंद रहीं। देर शाम तक गम्हरिया इलाके में सन्नाटा पसरा था।
ज्ञात हो कि गम्हरिया एनएच 43 के किनारे बसा शहर से बाहर का इलाका है। शहर का एक प्रवेश द्वार गम्हरिया में है। गम्हरिया इलाके में अधिकांशत: मोटर गैरेट, चारपहिया वाहनों के शो रूम आदि हैं।
इधर, सडक़ पर टहल रहे अब्दुल लकड़ा और हीरा राम को पिकअप कुचलते हुए तेजी से भाग निकला। घटना के बाद सडक़ से गुजर रहे लोग और इस इलाके में मॉर्निंग वाक कर रहे अन्य लोग पहुंचे। संजीवनी 108 को फोन कर सूचना दी गई। सूचना के बाद एंबुलेंस पहुंची, अस्पताल में डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया।


