जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 24 अप्रैल। जशपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में चार लोगों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से गांजा, दो कार और मोबाइल जब्त किए गए हैं। जब्त गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत 38 लाख रु . है।
पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल की रात थाना तुमला को सूचना मिली कि कुछ लोग वाहनों में मादक पदार्थ लेकर ओडिशा की ओर से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान एक बिना नंबर की मारुति ब्रेजा और एक मारुति एक्सएल6 (क्रमांक सीजी-14-एमडब्ल्यू-3300) को रोका गया।
तलाशी के दौरान वाहनों से गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, कुल वजन लगभग 76 किलो 910 ग्राम पाया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 49 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है, जिसमें गांजा, वाहन और मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए व्यक्तियों में मोहित कुमार यादव, दीपक यादव, युगल यादव तीनों निवासी जशपुर और एक 17 वर्षीय बालक शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे गांजा ओडिशा से ला रहे थे।
मामले में थाना तुमला में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है और मामले की जांच की जा रही है।


