जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 28 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा, जिला जशपुर द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में महिला आक्रोश सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर बस स्टैंड तक प्रदर्शन किया और कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने का समर्थन नहीं किया और इसे महिला विरोधी रुख बताया। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पिंकी गुप्ता ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण से जुड़ा है और इसका विरोध करने वाले दल महिलाओं की भागीदारी से सहमत नहीं हैं।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रजनी प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के दावे और कार्यों में अंतर है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष शांति भगत ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हैं और लोकतांत्रिक तरीके से प्रतिक्रिया देंगी।
कार्यक्रम के संबंध में जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने जानकारी दी कि सम्मेलन और रैली में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


