जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 20 मई। जशपुर जिले में एक ही दिन में दो गंभीर वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक घंटे के भीतर पहले अपने दोस्त पर चाकू से हमला किया और फिर रास्ते में मिले एक नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि 17 मई की दोपहर करीब 1.30 बजे आरोपी सचिन राम ने अपने दोस्त सूरज रजक को शराब पीने के बहाने ग्राम कोमडो बुलाया। वहां पहुँचते ही आरोपी ने अचानक गालियां देते हुए अपने पास रखे चाकू से सूरज की पीठ और माथे पर हमला कर दिया। सूरज ने किसी तरह चाकू छीनकर मंदिर में छिपकर अपनी जान बचाई।
दोपहर 2.30 बजे पहली घटना के ठीक एक घंटे बाद, आरोपी ने रास्ते से नहाने जा रहे 15 वर्षीय नाबालिग कृष्णा भगत को बिना किसी कारण के जमीन पर पटक दिया। उसने नाबालिग के गले, चेहरे और कनपटी पर हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपी सचिन राम के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भागलपुर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं।


