जशपुर

7 दिन में सडक़ सुधरी नहीं तो बढ़ेगी संधारण अवधि
11-Feb-2026 4:06 PM
7 दिन में सडक़ सुधरी नहीं तो बढ़ेगी संधारण अवधि

कुनकुरी और दुलदुला क्षेत्र की सडक़ों का मुख्य अभियंता ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 11 फरवरी। विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना एवं प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित और संधारित सडक़ों की गुणवत्ता जांच के लिए राज्य गुणवत्ता समीक्षक एवं मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा ने 8 फरवरी को सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सडक़ निर्माण और संधारण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गुणवत्ता से समझौता कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना अंतर्गत कुनकुरी विकासखंड की विभिन्न सडक़ों का निरीक्षण करते हुए मुख्य अभियंता ने टी-02 बनकोम्बो से कुनकुरी मार्ग, बनकोम्बो-कुनकुरी से गडाबहार मार्ग, बेने से नारायणपुर मार्ग तथा अम्बाचुआं से कुडूकेला मार्ग के संधारण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान इन सडक़ों की बीटी सतह अच्छी स्थिति में पाई गई, जिससे संरचनात्मक मजबूती संतोषजनक रही। हालांकि सडक़ किनारे झाड़ी सफाई और पेटिंग कार्यों में लापरवाही सामने आने पर मुख्य अभियंता ने नाराजगी व्यक्त की।

मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा ने संबंधित अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि ठेकेदार द्वारा चिन्हित कमियों को 7 दिवस के भीतर दूर नहीं किया गया तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार संधारण अवधि छह माह तक बढ़ाई जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संधारण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की सडक़ें ग्रामीण जनता की दैनिक आवाजाही, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। इसी क्रम में विकासखंड दुलदुला अंतर्गत जामपानी से दुलदुला सडक़ नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। यहां बीटी सतह संतोषजनक पाई गई, जबकि शोल्डर में वाटरिंग, रोलिंग और पुल-पुलियों के समीप सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता सहित संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट