जशपुर

प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, एक नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
29-May-2026 11:08 PM
प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, एक नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 29 मई। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जामजुनवानी में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को पकडक़र पहले मारपीट की और फिर उसके सिर पर पत्थर से कुचलकर मार दिया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीणों से पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, घटना का कारण पुराना विवाद है। मृतक सुशील खलखो और मुख्य आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब 3-4 वर्ष पहले आरोपी की पत्नी की रिपोर्ट पर सुशील को जेल भेजा गया था।

 सुशील करीब डेढ़ महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर आया था। इसके बाद दोनों के बीच दोबारा बातचीत शुरू होने पर आरोपी के पिता द्वारा एक सामाजिक बैठक बुलाई गई थी। बैठक में महिला द्वारा सुशील के साथ रहने की इच्छा जताने पर उसे सुशील के सुपुर्द कर दिया गया था, तब से वे साथ रह रहे थे।

27 मई की रात्रि लगभग 11 बजे, ग्राम सरपंच की पत्नी जानकी लकड़ा  ने अपने घर के बाहर शोर सुना।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने देखा कि गांव के आरोपी जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक नाबालिग मिलकर सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे थे।  इसी दौरान आरोपियों ने सुशील के सिर को जमीन पर पटका और पास में पड़े पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना प्रभारी (निरीक्षक) विनीत कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 प्रार्थिया जानकी लकड़ा की रिपोर्ट पर पत्थलगांव थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (समान आशय) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पत्थलगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। इनमें से दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 


अन्य पोस्ट