जशपुर

काम में लापरवाही, 3 सिपाही सेवा से पृथक, 2 पर दंडात्मक कार्रवाई
31-May-2026 9:24 PM
काम में लापरवाही, 3 सिपाही सेवा से पृथक, 2 पर दंडात्मक कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 31 मई। जशपुर जिले में विभागीय जांच के बाद पांच पुलिस आरक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग के अनुसार, इनमें से तीन आरक्षकों को सेवा से पृथक किया गया है, जबकि दो अन्य पर अलग-अलग प्रकार की विभागीय दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के तहत विभागीय जांच पूरी होने के बाद 29 मई को अंतिम आदेश पारित किए गए। विभाग का कहना है कि संबंधित आरक्षकों के विरुद्ध लंबे समय तक अनधिकृत अनुपस्थिति और सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोपों की जांच की गई थी।

पुलिस के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 737 संतोष कुमार राम, आरक्षक क्रमांक 525 नेल्सन तिग्गा और आरक्षक क्रमांक 394 अशोक कुमार एक्का को सेवा से पृथक किया गया है। विभाग का कहना है कि इन तीनों के विरुद्ध पूर्व में भी कई बार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी थी तथा उनके सेवा अभिलेखों और विभागीय जांच के आधार पर यह निर्णय लिया गया।

विभागीय आदेश के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 47 इरीमियस कुजूर पर एक वेतन वृद्धि के बराबर धनराशि की कटौती संचयी प्रभाव से की गई है। वहीं आरक्षक क्रमांक 144 बिंदेश्वर राम को आरक्षक के न्यूनतम वेतनमान पर लाने का दंड दिया गया है, जिसका प्रभाव भविष्य की वेतन वृद्धि और पेंशन पर भी पड़ेगा।

पुलिस विभाग ने बताया कि संबंधित आरक्षकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस रेगुलेशन तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के कथित उल्लंघन के संबंध में विभागीय जांच की गई थी। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान सेवा अभिलेखों, पूर्व दंडों और अनधिकृत अनुपस्थिति से जुड़े रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन संबंधी मामलों में विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाती रहेगी।


अन्य पोस्ट