जशपुर
जशपुरनगर, 1 सितम्बर। अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग उपसंभाग जशपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 कटनी-गुमला मार्ग के किलोमीटर 469.300 से किलोमीटर 531.775 तक लम्बाई 62.475 किलोमीटर पत्थलगांव-कांसाबेल-कुनकुरी तक सडक़ चौड़ीकरण का निर्माण कार्य एनएचडीपी -योजना में स्वीकृत एवं निर्माणधीन है।
निर्माण कार्य हेतु मेसर्स जी.बी.आर. इन्फा लिमिटेड चेन्नई को एजेंसी अनुबंधित किया गया है। निर्माण कार्य प्रारम्भ होने के पश्चात् जनवरी 2018 में अनुबंधित एजेन्सी का प्रकरण एनसीएलटी द्वारा दिवालिया होने के कारण निर्माण कार्य बंद रखा गया। पुन: निर्माण कार्य करने हेतु अनुमोदित त्रिपक्षीय अनुबंध के तहत प्रथम सब कान्ट्रेक्टर को 09 जुलाई 2019 से अनुबंधित कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया किन्तु निर्माण कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी होने के कारण उक्त अनुबंध 19 जून 2020 से समाप्त किया गया।
सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पुन: निर्माण कार्य हेतु द्वितीय सब कान्ट्रेक्टर का 23 अक्टूबर को त्रिपक्षीय अनुबंध कर कुल मार्ग के लम्बाई का 70 प्रतिशत भाग पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, फलस्वरूप 43.85 किलोमीटर में से 17.266 किलोमीटर का सीमेन्ट कंाक्रीट सडक़ का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। किंतु निर्माण कार्य पर सार्थक प्रगति नहीं होने से, तथा सब कान्ट्रेक्टर की अनुबंध में समयावृद्धि, दर का स्थगन एवं क्षतिपूर्ति राशि के विरूद्ध आपत्ति होने के कारण निर्माण कार्य बंद रखा गया। इस परिपेक्ष्य में 19 जुलाई को भारत सरकार के सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री की अध्यक्षता में मूल अनुबंध को समाप्त करने के निर्देश दिए गए है।
जिस परिपेक्ष्य में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उपरोक्तानुसार मूल अनुबंध, प्रथम एवं द्वितीय सब कान्ट्रेक्टर द्वारा उल्लेखित कारणों से निर्माण कार्य में अत्यधिक विलम्ब हुआ, तथा सडक़ की स्थिति अत्यन्त खराब अवस्था में परिवर्तित हुई, इस कारण सडक़ को आवागमन योग्य बनाये रखे जाने हेतु निविदा संबंधी औपचारिकताए पूर्ण कर वर्षा ऋतु में एवं पश्चात में सडक़ मरम्मत, संधारण का कार्य किया जाएगा, इस मध्य संबंधित सब कान्ट्रेक्टर द्वारा सडक़ को यातायात हेतु सुलभ बनाए रखने के लिए मरम्मत कार्य प्रगति पर है। जिसके अंतर्गत पत्थलगांव के शहरी भाग सहित लुड़ेग से बनगांव के मध्य मरम्मत कार्य प्रगतिरत है। इसी प्रकार कांसाबेल से बंदरचुंआ के मध्य भी मरम्मत कार्य किया जा रहा है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग में जहां निर्माण कार्य अप्रारम्भ था उन भागो के सुधार कार्य, पुन: निर्माण कार्य करने हेतु मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र रायपुर एवं क्षेत्रीय अधिकारी, सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार, कैम्प पेंशनबाडा रायपुर द्वारा राज्य शासन तथा सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार को 19 जुलाई 2022 से अवगत कराया गया है। जिससे पुन: निर्माण कार्य प्रारम्भ हो सके। इस संबंध में कार्यवाही प्रगति पर है।


