जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 11 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर द्वारा अग्रसेन भवन, पत्थलगांव में ‘वीबी- जी राम जी ’ (विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोजगार और आजीविका मिशन - ग्रामीण) को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय और भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय भी मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा कि विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) ग्रामीण भारत के लिए एक नई क्रांति है। यह अधिनियम रोजगार, समय पर भुगतान, पारदर्शिता और सम्मान की गारंटी देता है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि देश की जनता अब नारे नहीं, गारंटी के साथ विकास चाहती है। प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा एवं मनीष अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष धनियरो परहा, जिला मंत्री आनंद शर्मा, संतोष दास, सुनील अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान, मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह ने प्रेस वार्ता में कहा कि ‘वीबी- जी राम जी ’ अधिनियम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका से जुड़े प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत 125 दिन के रोजगार की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है, जबकि मनरेगा में 100 दिन का प्रावधान था।
रामकिशुन सिंह ने यह भी कहा कि इस अधिनियम में मजदूरी भुगतान को लेकर साप्ताहिक भुगतान की व्यवस्था और देरी होने पर ब्याज सहित भुगतान का प्रावधान रखा गया है। उनके अनुसार, इसका उद्देश्य भुगतान प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
उन्होंने योजना के अंतर्गत रोजगार, भुगतान व्यवस्था, महिलाओं को प्राथमिकता, पंचायत स्तर पर क्रियान्वयन और पलायन रोकने जैसे बिंदुओं का उल्लेख किया।
सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने कहा कि ‘वीबी- जी राम जी ’ का पूर्ण नाम ‘विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ है। उन्होंने कहा कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाया गया है। उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कुछ राजनीतिक टिप्पणियां भी कीं, जिन्हें उन्होंने अपनी व्यक्तिगत राय बताया।
भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि कांग्रेस अब जनता के बीच विश्वसनीयता खो चुकी है। उसे न तो मजदूरों की चिंता है और न ही ग्रामीण भारत की। उन्होंने कहा कि ‘वीबी- जी राम जी ’जैसे जनकल्याणकारी अधिनियम कांग्रेस की विफल नीतियों को उजागर कर रहे हैं, इसलिए वह अनर्गल बयानबाजी कर रही है।


