जशपुर

छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से
06-Nov-2021 7:43 PM
छठ पूजा की तैयारियां  जोर-शोर से

पत्थलगांव, 6 नवंबर। कार्तिक महीने में शुक्ल पक्ष की षष्ठी यानी छठी तिथि से छठ पूजा की शुरुआत हो जाती है। पूर्वी उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखंड में छठ का महापर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व 4 दिनों तक मनाया जाता है। छठ के दौरान महिलाएं लगभग 36 घंटे का व्रत रखती हैं। छठ के दौरान छठी मईया और सूर्यदेव की पूजा- अर्चना की जाती है। छठी मईया सूर्य देव की मानस बहन हैं।

इस बार छठ पूजा 10 नवंबर को मनाया जाएगा। ऐसे में दिवाली खत्म  होते ही घाटों को साफ करने और सजाने का काम भी शुरू हो गया है। सबसे कठिन व्रतों में से एक छठ को लेकर मान्यता है कि छठी मइया का व्रत रखने वाले व विधि-विधान से पूजा करने वाले दम्पत्ति को संतान सुख की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-समृद्धि आती है। सूर्य देव और उनकी बहन छठी मइया को समर्पित इस महापर्व की तैयारी शुरू हो चुकी है। मुख्य रूप से पर्व को सादगी और पवित्रता के साथ मनाया जाता है। दिवाली के बाद की षष्टी तिथि को सूर्य षष्ठी भी कहा जाता है।

8 नवंबर सोमवार नहाय खाय से छठ पूजा का आरंभ होगा, 9 नवंबर मंगलवार को खरना, 10 नंवबर बुधवार को छठ पूजा, इस दिन डूबते सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा, 11 नवंबर गुरुवार को उगते हुए सूर्य को अघ्र्य देकर छठ पूजा का समापन होगा।


अन्य पोस्ट