अंतरराष्ट्रीय

मेक्सिको में ड्रग माफ़िया की नाटकीय गिरफ़्तारी के बाद भड़की हिंसा
22-Nov-2026 11:08 AM
मेक्सिको में ड्रग माफ़िया की नाटकीय गिरफ़्तारी के बाद भड़की हिंसा

मेक्सिको में एक बड़े ड्रग माफ़िया की गिरफ़्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी है. यह माफ़िया अमेरिकी फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (एफ़बीआई) की 10 मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल है.

सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में हुई इस घटना से आम लोगों में डर का माहौल है.

मेक्सिको की सेना ने शनिवार को फ़ॉस्तो इसिद्रो मेज़ा-फ़्लोरेस की गिरफ़्तारी की जानकारी दी. उसे 'एल चापो इसिद्रो' के नाम से भी जाना जाता है.

एफ़बीआई के मुताबिक़, मेज़ा-फ़्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइज़ेशन का कथित सरगना है.

रिपोर्ट में बताया गया है कि यह गिरोह अमेरिका में हेरोइन, मेथामफ़ेटामीन, कोकीन, फ़ेंटानिल और मारिजुआना की तस्करी करता है.

एफ़बीआई के मुताबिक़, मेक्सिको में भी इसका ड्रग प्रोडक्शन, ट्रांसपोर्ट और डिस्ट्रीब्यूशन पर कंट्रोल रहा है.

मेक्सिको के राष्ट्रीय रक्षा सचिवालय ने बताया कि शुक्रवार रात सिनालोआ में छापेमारी के दौरान मेज़ा-फ़्लोरेस को गिरफ़्तार किया गया.

सचिवालय के मुताबिक़, सेना के विशेष दस्ते ने पहले इन लोगों की लोकेशन का पता लगाया. इसके बाद सैनिकों ने गुपचुप तरीक़े से इलाक़े में पहुंचकर एक घर की घेराबंदी.

सुरक्षा बलों की कार्रवाई की वीडियो फ़ुटेज में कथित तौर पर गुआसावे में हेलिकॉप्टर ज़मीन की ओर गोलियों की बौछार करते दिख रहे हैं. वहीं, कुछ अन्य वीडियो में बेसबॉल स्टेडियम में मौजूद लोग गोलीबारी की आवाज़ सुनकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट