अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के 'डर्टी बम' बनाने की आशंका से जुड़ी रिपोर्टों पर कहा कि उन्हें नहीं पता कि यह दावा सही है या नहीं.
बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान ने कहा कि अगर ईरान ऐसा हथियार बना रहा है, तो अमेरिका को इसकी जानकारी मिल जाएगी और उनकी सरकार इसे होने नहीं देगी.
उन्होंने कहा, "ईरान में क्या हो रहा है, इसके बारे में हमारे पास बहुत सारी जानकारी है. वे जो कुछ भी कहते हैं, हम सब जानते हैं. हमें पता है कि वे कौन हैं और कहां हैं. हमें इस बारे में जानकारी मिल जाएगी और हम ऐसा नहीं होने देंगे."
इससे पहले अमेरिकी न्यूज़ चैनल सीएनएन ने रिपोर्ट दी थी कि अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की ख़ुफ़िया जानकारी के मुताबिक़, ईरान डर्टी बम बनाने और उसे वॉशिंगटन में विस्फोट करने की कोशिश कर सकता है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कहा था कि वह सीएनएन की इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाई है.
ईरान के अधिकारियों ने इस दावे को ख़ारिज किया है. वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहले कह चुके हैं कि उनके मुताबिक़, वॉशिंगटन पर कोई तात्कालिक ख़तरा नहीं है.
डर्टी बम ऐसा हथियार है, जिसमें पारंपरिक विस्फोटकों के ज़रिए रेडियोएक्टिव पदार्थ फैलाए जाते हैं. यह परमाणु बम से अलग होता है. (bbc.com/hindi)