अंतरराष्ट्रीय

ईरान का दावा, बहरीन में अमेरिका के दो रडारों को बनाया निशाना
22-Nov-2026 8:50 AM
ईरान का दावा, बहरीन में अमेरिका के दो रडारों को बनाया निशाना

ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी सेना के पैट्रियट एयर डिफ़ेंस सिस्टम के दो रडार को निशाना बनाया है.

बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ये रडार अल-रिफ़ा और अवाली स्थित दो सैन्य ठिकानों पर लगे हुए हैं. रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक़, मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया.

रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह हमला "ईरान के हवाई क्षेत्र का लगातार उल्लंघन और उसके ख़िलाफ़ आक्रामक कार्रवाई" के जवाब में किया गया.

बयान के मुताबिक़, यह कार्रवाई उस समय की गई जब अमेरिकी सेना के दो जासूसी ड्रोन एमक्यू-1 और एमक्यू-9 ईरान के हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए.

रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी कि किसी भी देश या "आक्रामक ताक़त" की ओर से ईरान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए जाने पर "कड़ा और निर्णायक" जवाब दिया जाएगा.

बहरीन के राजा के मीडिया मामलों के सलाहकार ने कहा है कि देश के एयर डिफेंस सिस्टम ने बहरीन के एयर स्पेस में ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया है. दोनों पक्षों के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट