अंतरराष्ट्रीय
-स्तुति लाल
यूरोप के कई देशों में शुक्रवार को छात्रों और युवाओं ने सरकारों की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. जर्मनी, इटली और ब्रिटेन में बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतरे. इन प्रदर्शनों में शिक्षा, बेरोजगारी, महंगाई, मकानों के बढ़ते किराये और सैन्य खर्च जैसे मुद्दे प्रमुख रहे. लेकिन एक मुद्दा जो सबके लिए आम था, वह यह कि सरकारों को युद्ध और हथियारों पर खर्च बढ़ाने के बजाय शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य पर अधिक ध्यान देना चाहिए. आंदोलन का प्रमुख नारा है, “हमारे भविष्य के लिए लड़ो."
जर्मनी के बर्लिन, फ्रैंकफर्ट, हैम्बर्ग, म्यूनिख सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए. बर्लिन में लगभग 1000 छात्रों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जहां युवा प्रदर्शनकारियों ने अनिवार्य सैन्य सेवा, शिक्षा व्यवस्था में निवेश की कमी, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आवाज उठाई. छात्रों की मांग है कि सरकार युवाओं को सैन्य सेवा के लिए बाध्य करने के बजाय उनकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाए.
वहीं, ब्रिटेन में भी छात्र आंदोलन ने जोर पकड़ लिया है. लंदन के साथ मैनचेस्टर, लीड्स और लिवरपूल सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए. छात्र प्रदर्शन के दौरान "युद्ध नहीं, नस्लवाद नहीं, जलवायु संकट नहीं, पूंजीवाद नहीं" का पोस्टर लिए नजर आए.
इटली की राजधानी रोम में भी युवाओं ने नारा लगाया, “अगर कोई हमें आजादी नहीं देगा, तो हम उसे खुद हासिल करेंगे. सरकार की नीतियों, युद्ध और बढ़ती महंगाई के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी!” साथ ही, रोम और मिलान में कार्डबोर्ड से बने मिलिट्री टैंक के मॉडल जलाए गए. इटली के इन प्रदर्शनों में भी हजारों लोगों ने भाग लिया.
आयोजकों के अनुसार, पूरे यूरोप में कई प्रदर्शन होने की उम्मीद है, लेकिन इन विरोध प्रदर्शन में कितने बड़े पैमाने पर लोग शामिल होंगे, इसका अनुमान लगाना अभी भी मुश्किल है. (dw.com/hi)