अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान के समुद्री क्षेत्र में तेल और गैस खोजने पहुंचा तुर्की का जहाज
21-Nov-2026 9:32 AM
पाकिस्तान के समुद्री क्षेत्र में तेल और गैस खोजने पहुंचा तुर्की का जहाज

-आदर्श शर्मा

तुर्की के एक अनुसंधान जहाज ने शुक्रवार, 20 नवंबर को पाकिस्तान के समुद्री क्षेत्र में तेल और प्राकृतिक गैस की खोज के लिए सर्वे करना शुरू किया. पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने ‘ओरुच रेइस’ नाम के इस जहाज का पाकिस्तान में स्वागत किया है. दोनों देशों की कंपनियों के बीच पिछले साल हुए समझौतों के तहत यह काम हो रहा है. 

कराची में जहाज के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए इशाक डार ने कहा कि इस आर्थिक गतिविधि से दोनों देशों के बीच "नई रणनीतिक गहराई" पनपेगी. उन्होंने कहा कि इस सर्वेक्षण के जरिए "समुद्र तल के नीचे की भूवैज्ञानिक संरचनाओं के बारे में हमारी समझ गहरी होगी और पाकिस्तान के भविष्य के अन्वेषण के लिए एक मजबूत आधार मिलेगा." 

तुर्की के ऊर्जा मंत्री अल्पार्सलान बायरकतार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि अगर यह मिशन सफल होता है तो दोनों देशों का लक्ष्य अगले साल ड्रिलिंग गतिविधियां शुरू करने का है. दोनों देशों ने पाकिस्तान में तीन जगहों पर खनिजों की खोज के लिए भी समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं. इनमें दो जगहों पर तांबा-सोना और एक जगह पर एंटीमनी मिलने की दोनों देशों को उम्मीद है. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट