अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप ने कहा- ईरान में सत्ता परिवर्तन में दिलचस्पी नहीं
22-Nov-2026 8:52 AM
ट्रंप ने कहा- ईरान में सत्ता परिवर्तन में दिलचस्पी नहीं

मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ रहा है. ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमलों के दावे किए हैं. साथ ही उसने एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को निशाना बनाने की बात कही है.

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के साथ सिर्फ़ 'एक टिकाऊ और दीर्घकालिक' समझौता चाहते हैं.

ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ को फ़ोन पर दिए एक इंटरव्यू में कहा, "मुझे कभी भी सत्ता परिवर्तन में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं रही. कुछ लोग सत्ता परिवर्तन की बात करते हैं, लेकिन आपको यह भी बताना होगा कि इसका मतलब क्या है."

उन्होंने कहा, "मैं अब तक दो सरकारों का अंत कर चुका हूं. ग्रुप वन और ग्रुप टू. अब हम ग्रुप थ्री से निपट रहे हैं. इसलिए आप इसे अंतिम सत्ता परिवर्तन भी कह सकते हैं."

ट्रंप ने कहा, "तीसरे समूह का रवैया बहुत अलग नहीं है. शायद वे ज़्यादा समझदार हैं, लेकिन उनके साथ काम करना बहुत, बहुत मुश्किल है. मेरा मतलब है कि हम कोई समझौता करते हैं और अगले ही दिन वे उसे तोड़ देते हैं."

उन्होंने कहा कि वह ईरान के साथ ऐसा समझौता करना चाहते हैं जो लंबे समय तक कायम रहे.

ट्रंप के मुताबिक़, "ताकि अगर चार, 15 या 20 साल बाद कोई अयोग्य राष्ट्रपति भी सत्ता में आ जाए, तब भी ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके."(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट