अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप के पुतिन को 'दोस्त' कहने पर ज़ेलेंस्की बोले- 'वह हत्यारे हैं'
21-Nov-2026 12:45 PM
ट्रंप के पुतिन को 'दोस्त' कहने पर ज़ेलेंस्की बोले- 'वह हत्यारे हैं'

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 'दुश्मन' और 'हत्यारा' कहा है.

उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने पुतिन को अपना 'दोस्त' बताया था.

सीएनएन से बात करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा कि ट्रंप पुतिन को क्या कहते हैं यह उनका अपना फ़ैसला है. लेकिन यूक्रेन के लिए पुतिन दुश्मन हैं और हत्यारे हैं.

गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पुतिन के साथ ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक के दौरान ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति को अपना 'दोस्त' बताया था.

उन्होंने कहा था कि दोनों नेताओं के बीच कई सालों से अच्छे संबंध रहे हैं.

शुक्रवार को रूस ने यूक्रेन में पुलों और रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाकर हमले किए. इन हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई.

ये हमले यूक्रेन की ओर से क्रीमिया पुल को भारी नुक़सान पहुंचाए जाने के कुछ दिनों बाद हुए.

ज़ेलेंस्की ने इन हमलों को इस साल का 'सबसे बड़ा हमला' बताया. उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर 110 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें 27 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं.

इसके अलावा 400 से ज़्यादा ड्रोन से भी हमला किया गया. इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए.

हमलों के कुछ घंटे बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था कि पुतिन युद्ध ख़त्म करना चाहेंगे.

उन्होंने कहा, "वे (ज़ेलेंस्की और पुतिन) दोनों इसे ख़त्म करना चाहते हैं. यह अच्छी बात है कि मेरे दोनों के साथ संबंध हैं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट