अंतरराष्ट्रीय
-स्तुति लाल
यूरोपीय संघ और ब्रिटेन ने ब्रसेल्स में आयोजित शिखर सम्मेलन में संबंधों को 'रीसेट' करने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति जताई है. यह ब्रेक्जिट के बाद दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नम ने इस समझौते का स्वागत करते हुए कहा, "यह ब्रिटेन और यूरोप के लिए अच्छा दिन है." वहीं, यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन ने इसे यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के रिश्तों के बीच एक "निर्णायक मोड़" बताया.
यूरोपीय संघ और ब्रिटेन की 'रीसेट डील' में मुख्य रूप से तीन समझौते शामिल हैं, जैसे फूड और ड्रिंक ट्रेड डील जिसके मुताबिक खाद्य और कृषि उत्पादों के निर्यात पर ब्रेक्जिट के बाद बढ़ी कागजी कार्रवाई और जांच कम होगी. साथ ही, एमिशन ट्रेडिंग स्कीम को भी लिंक किया जाएगा, जिसके अनुसार स्टील और अन्य उद्योगों पर कार्बन बॉर्डर टैक्स का असर कम होगा. इसके अलावा, दोनों पक्षों के युवाओं को एक दूसरे के क्षेत्र में तीन साल तक रहने, काम करने, पढ़ाई करने या यात्रा करने का मौका मिलेगा.
इस समझौते को एंडी बर्नम की सरकारब्रेक्जिट के बाद यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में पहला बड़ा कदम बता रही है. हालांकि, यूरोपीय संघ के छात्रों की ब्रिटेन में यूनिवर्सिटी फीस को लेकर मतभेद अभी भी बने हुए हैं और इस पर अगले छह महीनों तक बातचीत जारी रहेगी.
एंडी बर्नम ने शिखर सम्मेलन से पहले कहा था, "ब्रिटेन और यूरोप समान मूल्यों, हितों और साझा पड़ोस से जुड़े हैं." उन्होंने कहा कि नए समझौते लागत कम करने, कीमतों को नियंत्रण में रखने और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने में मदद करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि "एक अधिक खतरनाक होती दुनिया में, हम साथ मिलकर अधिक मजबूत हैं." (dw.com/hi)