अंतरराष्ट्रीय

संघर्ष विराम के बावजूद अमेरिका और ईरान के हमले जारी
29-May-2026 8:55 AM
संघर्ष विराम के बावजूद अमेरिका और ईरान के हमले जारी

अमेरिका और ईरान ने संघर्षविराम के बीच एक दूसरे के खिलाफ सबसे गंभीर कार्रवाई की है. इससे होर्मुज जलडमरूमध्य का रास्ता खुलवाने और ईरान युद्ध खत्म करने की कोशिशों को झटका लगा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत भी गुरुवार को करीब 3 फीसदी बढ़ गई. ईरानी हमलों में अमेरिकी सहयोगी कुवैत को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई है. ईरानी बलों का कहना है कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूध्य को पार करने की कोशिश कर रहे चार जहाजों पर फायरिंग की है. 

उधर अमेरिका सेना ने दक्षिणी बंदरगाह नगर बांदर अब्बास में एक ग्राउंट कंट्रोल स्टेशन को निशाना बनाया है. इसके बाद ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की. ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने रेवॉल्यूशनरी गार्ड के हवाले से यह जानकारी दी है. ईरान का कहना है कि अमेरिकी एयर बेस हमले का स्रोत था इसलिए उसे निशाना बनाया गया. हालांकि, रेवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने इसकी जगह की जानकारी नहीं दी. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने "राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने" की बात कही है.  

अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड का कहना है कि सेना ने ईरान के पांच हमलावर ड्रोन को मार गिराया है और एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन को नुकसान पहुंचाया है, जहां से छठा ड्रोन दागा जाना था. कुवैती सेना ने कहा है कि उन्होने देश की तरफ दागी गई एक मिसाइल को बीच में रोक लिया है. कुवैत में अमेरिकी सेना के कई बड़े सैनिक अड्डे हैं. कुवैत ने इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें तुरंत रोकने की मांग की है. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट