अंतरराष्ट्रीय

अमेरिकी राजदूत के 'मध्य-पूर्व पर इसराइल के क़ब्ज़े' वाले बयान पर अब पाकिस्तान ने भी दिया बयान
22-Feb-2026 11:20 AM
अमेरिकी राजदूत के 'मध्य-पूर्व पर इसराइल के क़ब्ज़े' वाले बयान पर अब पाकिस्तान ने भी दिया बयान

पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की समेत 14 इस्लामी देशों और तीन संगठनों ने इसराइल में अमेरिका के राजदूत के मध्य-पूर्व से जुड़े बयान की कड़ी निंदा की है.

अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि इसराइल को 'बाइबल के मुताबिक़ मध्य-पूर्व के बड़े हिस्सों पर क़ब्ज़ा करने का अधिकार है.'

इन इस्लामी देशों और संगठनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि ऐसे भड़काऊ बयान स्पष्ट रूप से 'अस्वीकार्य' हैं और यह अंतरराष्ट्रीय क़ानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का खुला उल्लंघन है.

बयान में यह भी कहा गया कि ऐसे बयान क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर ख़तरा पैदा करते हैं.

यह संयुक्त बयान पाकिस्तान, मिस्र, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इंडोनेशिया, तुर्की, सऊदी अरब, क़तर, कुवैत, ओमान, बहरीन, लेबनान, सीरिया और फ़लस्तीन के विदेश मंत्रियों और ऑर्गनाइजे़शन ऑफ़ इस्लामिक को-ऑपरेशन (ओआईसी), लीग ऑफ़ अरब स्टेट्स और गल्फ़ को-ऑपरेशन काउंसिल के सचिवालयों की ओर से जारी किया गया.

इन देशों और संगठनों ने यह भी कहा कि अमेरिकी राजदूत का बयान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग़ज़ा संघर्ष को समाप्त करने की व्यापक योजना के भी विपरीत है.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी अपने एक्स अकाउंट पर इस बयान को साझा किया है.  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट