अंतरराष्ट्रीय

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा एलान- ग्लोबल टैरिफ़ 10 से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी करेंगे
22-Feb-2026 8:41 AM
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा एलान- ग्लोबल टैरिफ़ 10 से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी करेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्लोबल टैरिफ़ को 10 फ़ीसदी से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी करने का फ़ैसला किया है.

इससे पहले उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ़ पर दिए फ़ैसले के बाद 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया था..

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "कल अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ़ पर जो फ़ैसला दिया है, वह बेकार और बेहद अमेरिका विरोधी है. इस बयान के ज़रिए मैं बताना चाहता हूं कि मैं अमेरिका का राष्ट्रपति होने के नाते, 10 फ़ीसदी वर्ल्डवाइड टैरिफ़ को बढ़ाकर 15 फ़ीसदी कर रहा हूं."

ट्रंप ने आगे लिखा, "कई देश वर्षों से अमेरिका को नुक़सान पहुंचा रहे थे और कोई जवाब नहीं मिल रहा था (जब तक मैं नहीं आया). लेकिन अब इसे पूरी तरह से क़ानूनी तौर पर आगे बढ़ाया जा रहा है. आने वाले कुछ महीनों में ट्रंप प्रशासन नए और क़ानूनी तौर पर सही टैरिफ़ तय करेगा, जिससे हमारा 'अमेरिका को फिर से महान बनाने' का काम और भी ज़्यादा सफल होगा."

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ही ग्लोबल टैरिफ़ रद्द किए थे. जजों ने 6-3 के बहुमत से टैरिफ़ के ख़िलाफ़ फ़ैसला दिया था. अपने फ़ैसले में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ट्रंप ने अपनी सीमा से बाहर जाकर अधिकारों का इस्तेमाल किया और नेशनल इमरजेंसी के लिए बने क़ानून का सहारा लिया.  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट