अंतरराष्ट्रीय

जापान: शहर का वाटर सिस्टम सुधारने के लिए एक शख़्स ने 21 किलो सोना दान दिया
21-Feb-2026 9:55 AM
जापान: शहर का वाटर सिस्टम सुधारने के लिए एक शख़्स ने 21 किलो सोना दान दिया

जापान के एक शहर को उसके पुराने होते वाटर सिस्टम को ठीक करने के लिए बड़ा दान मिला है. शहर को 21 किलो की सोने की ईंटें दी गई हैं.

क़रीब 56 करोड़ येन, यानी 36 लाख अमेरिकी डॉलर क़ीमत की ये सोने की ईंटें पिछले नवंबर एक ऐसे डोनर ने दी थीं, जो अपनी पहचान जाहिर नहीं करना चाहता है.

ओसाका के मेयर हिदेयुकी योकोयामा ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.

योकोयामा ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, "पुरानी हो रही पानी की पाइपलाइनों से निपटने के लिए भारी निवेश की ज़रूरत होती है. इसलिए मेरे पास आभार व्यक्त करने के अलावा कुछ नहीं है."

योकोयामा ने कहा कि यह राशि "हैरान कर देने वाली" है और "शब्दों से परे" है. उन्होंने यह भी बताया कि इसी डोनर ने इससे पहले म्युनिसिपल वाटरवर्क के लिए 5 लाख येन नक़द दिए थे.

क़रीब 30 लाख आबादी वाला ओसाका जापान के कंसाई क्षेत्र में स्थित एक प्रमुख कॉमर्शियल हब है और देश का तीसरा सबसे बड़ा शहर है.

लेकिन कई अन्य जापानी शहरों की तरह ओसाका की पानी और सीवरेज पाइपलाइन भी पुरानी हो चुकी हैं. इससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है.

शहर के जल विभाग के अनुसार, वित्त वर्ष 2024 में ओसाका की सड़कों के नीचे पानी की पाइपलाइन में रिसाव के 90 से अधिक मामले दर्ज किए गए. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट