अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान ने कहा है कि उसने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा क्षेत्र में 'सात आतंकवादी ठिकानों और शिविरों को निशाना बनाया' है.
पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक़, ये हमले फ़ितना अल ख़्वारिज (एफ़एके) से जुड़े पाकिस्तानी तालिबान और उसके सहयोगी संगठनों और इस्लामिक स्टेट ऑफ़ ख़ोरासान प्रांत (आईएसकेपी) के 'आतंकवादी ठिकानों और शिविरों' पर हुए हैं.
पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई हाल ही में उसके देश में हुए आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई है.
एक बयान में कहा गया, "पाकिस्तान के पास पुख़्ता सबूत हैं कि ये आतंकवादी हमले ख़्वारिज ने अपने अफ़ग़ानिस्तान स्थित लीडरशिप और हैंडलर्स के निर्देश पर किए. इन हमलों की ज़िम्मेदारी अफ़ग़ानिस्तान स्थित पाकिस्तानी तालिबान, जो फ़ितना अल ख़्वारिज से जुड़े हैं, उनके सहयोगी संगठनों और इस्लामिक स्टेट ऑफ़ ख़ोरासान प्रांत ने भी ली है."
पाकिस्तान ने कहा कि उसने कई बार अफ़ग़ान तालिबान सरकार से कोई ठोस क़दम उठाने की मांग की लेकिन इन समूहों के ख़िलाफ़ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
इसके साथ ही पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार से मांग की कि वह अपने देश की ज़मीन का इस्तेमाल 'पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ख़्वारिज और अन्य आतंकवादियों' को करने से रोके. (bbc.com/hindi)


