अंतरराष्ट्रीय
-रिचर्ड व्हीलर और निक एर्डली
ब्रिटेन की सरकार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को शाही उत्तराधिकार की पंक्ति से हटाने के लिए क़ानून लाने पर विचार कर रही है.
सरकार के इस क़दम से एंड्रयू कभी भी राजा नहीं बन सकेंगे. एंड्रयू, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई हैं. पिछले साल अक्तूबर में उनके "प्रिंस" समेत सभी ख़िताब छीन लिए जाने के बावजूद उत्तराधिकार की सूची में आठवें स्थान पर हैं.
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ल्यूक पोलार्ड ने बीबीसी रेडियो से कहा कि यह क़दम पुलिस जांच के परिणाम से इतर "सही काम" होगा.
उन्होंने कहा कि यह "ऐसा मामला है, जिसे मैं उम्मीद करता हूं कि सभी दलों का समर्थन मिलेगा, लेकिन यह तभी होना चाहिए जब पुलिस जांच पूरी हो जाए."
एंड्रयू माउंटबेटन पर यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से संबंध होने का आरोप है. पुलिस ने पहले कहा था कि वह एपस्टीन के साथ उनके संबंधों से जुड़े आरोपों के संदर्भ में जांच पर विचार कर रही है.
इसके बाद पुलिस ने गुरुवार शाम एंड्रयू को सार्वजनिक पद पर कदाचार के संदेह में गिरफ़्तार कर लिया. हालांकि 11 घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया. उनके ख़िलाफ़ पुलिस जांच जारी रहेगी.
एंड्रयू माउंटबेटन ने किसी भी ग़लत काम से इनकार किया है. उन्होंने उन पर लगे आरोपों को लगातार और सख़्ती से ख़ारिज किया है. (bbc.com/hindi)


