अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का दूसरा दौर समाप्त, ईरानी विदेश मंत्री ने बताया क्या हुआ?
18-Feb-2026 8:58 AM
अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का दूसरा दौर समाप्त, ईरानी विदेश मंत्री ने बताया क्या हुआ?

अमेरिका और ईरान के बीच 'अप्रत्यक्ष' वार्ता का दूसरा दौर जिनेवा में समाप्त हो गया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने इसे पहले दौर की तुलना में अधिक सकारात्मक बताया.

विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने ईरानी टेलीविज़न को बताया कि चर्चा काफ़ी गंभीर रही और अधिक रचनात्मक माहौल था, अलग-अलग विचार पेश किए गए और उन पर गंभीरता से चर्चा हुई.

ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि 'गाइडिंग प्रिंसिपल्स' पर आम सहमति बन गई है और इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर हम एक मसौदा लिखना शुरू करेंगे. अब हमारे पास आगे बढ़ने का एक स्पष्ट मार्ग है, जो सकारात्मक है.

उन्होंने कहा, "यह काम तुरंत पूरा नहीं होगा, लेकिन ईरान इसे आगे बढ़ाने के लिए तैयार है. अगले दौर के लिए कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं किया गया है. लेकिन यह तय किया गया है कि संभावित समझौते के मसौदे पर काम किया जाएगा, फिर उसको एक्सचेंज किया जाएगा. इसके बाद तीसरे दौर की तारीख़ तय की जाएगी."

बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, वहां मौजूद पत्रकारों का कहना है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल उस इमारत में दाख़िल नहीं हुआ, जहां ओमान के विदेश मंत्री और ईरान का प्रतिनिधिमंडल मौजूद था. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट