अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह में एक सैन्य चौकी पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 10 सैनिकों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, बाजौर ज़िले के मलंगी इलाके में एक इमारत में विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी में धमाका हो गया. इस इमारत में पहले एक मदरसा था, लेकिन बाद में यहां एक सुरक्षा चौकी बना दी गई थी.
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सुरक्षा चौकी पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम दस कर्मी मारे गए हैं. मरने वालों में एक पुलिसकर्मी और फ़्रंटियर कोर के नौ सैनिक शामिल हैं, जबकि मलबे के नीचे से अभी भी और शव निकाले जा रहे हैं.
एक अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी से फ्रंटियर कोर की चौकी को टक्कर मार दी. सेना का अभी तक कोई बयान नहीं आया है लेकिन ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी ने इस आत्मघाती हमले की निंदा की है. (bbc.com/hindi)


