अंतरराष्ट्रीय

रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मां ने कहा- हमें पता था कि बेटे की हत्या हुई थी
17-Feb-2026 9:19 AM
रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मां ने कहा- हमें पता था कि बेटे की हत्या हुई थी

-लौरा गोज़ी

रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मौत को दो साल हो गए हैं. नवेलनी की मां ने कहा है कि उनके बेटे की मौत ज़हर से हुई थी, जो यह साबित करता है कि उनकी हत्या की गई थी.

एलेक्सी नवेलनी की मां ल्यूडमिला नवलनाया ने सोमवार को मॉस्को में अपने बेटे की कब्र पर जाते वक्त कहा, "यह वही है जो हम शुरू से जानते थे. हमें पता था कि हमारा बेटा जेल में बस यूं ही नहीं मरा, उसकी हत्या की गई थी."

वहीं नवेलनी की पत्नी यूलिया ने सोशल मीडिया पर लिखा, "हमने सच हासिल कर लिया है और एक दिन न्याय भी मिलेगा."

दरअसल, शनिवार को ब्रिटेन और यूरोपीय देशों ने बयान दिया कि नवेलनी को उस ज़हर से मारा गया जो डार्ट फ़्रॉग (एक प्रकार का मेंढक) से निकाला गया था. बयान में कहा गया कि सिर्फ़ रूसी सरकार के पास इस ज़हर को इस्तेमाल करने का साधन, वजह और मौका था.

क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने ब्रिटेन और यूरोपीय देशों के इस आरोप को खारिज़ किया है. उन्होंने कहा, "हम ऐसे आरोपों को बिल्कुल स्वीकार नहीं करते. हम उनसे असहमत हैं और आरोपों को पक्षपाती और बेबुनियाद मानते हैं."  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट