अंतरराष्ट्रीय
यूक्रेन के जांच अधिकारियों ने देश के पूर्व ऊर्जा मंत्री जर्मन गालुशेंको पर मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार के विवाद में एक आपराधिक संगठन में शामिल होने के आरोप लगाए हैं. देश में भ्रष्टाचार रोकने के लिए जिम्मेदार संस्थाएं स्पेशियलाइज्ड एंटी करप्शन प्रॉसिक्यूटर्स ऑफिस (एसएपी) और नेशनल एंटी करप्शन ब्यूरो ऑफ यूक्रेन (एनएबीयू) ने सोमवार को कहा है कि इस संगठन ने गालुशेंको के कार्यकाल के दौरान 11.2 करोड़ डॉलर से अधिक राशि गैरकानूनी गतिविधियों से हासिल की.
गालुशेंको को रविवार को पकड़ लिया गया, जब वो देश छोड़ कर भागने की कोशिश कर रहे थे. एसएपी के मुताबिक उनके संदिग्ध सहयोगियों ने 2021 में अंगुइला आइलैंड में एक फंड रजिस्टर कराया जो 10 करोड़ डॉलर निवेश में हासिल करना चाहता था. इस फंड का प्रबंधन एक आपराधिक संगठन के सदस्य, सेशल्स का एक नागरिक और सेंट किट्स और नेविस कर रहे थे जिन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग सेवाएं मुहैया कराईं. गालुशेंको परिवार इस फंड के "निवेशकों" में शामिल था. (dw.com/hi)


