अंतरराष्ट्रीय
संसदीय चुनावों में दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक़ रहमान ने कई चुनौतियों का ज़िक्र किया.
तारिक़ रहमान ने कहा है कि देश की विदेश नीति बांग्लादेश और बांग्लादेश की जनता के हितों को ध्यान में रखकर तय की जाएगी.
बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, विदेशी पत्रकारों के सवालों के जवाब में रहमान ने कहा, "देश की जनता के हित सर्वोपरि हैं, और हम उनके हितों को गंभीरता से ध्यान में रखते हुए विदेश नीति तय करेंगे."
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मौजूद स्थायी समिति के सदस्य अमीर खसरू महमूद चौधरी ने कहा, "बांग्लादेश की विदेश नीति किसी एक देश के प्रति वफादारी पर नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, समानता और विश्वास पर आधारित होगी."
तारिक़ रहमान ने कहा, "हम फासीवादियों के छोड़े गए हालात में एक यात्रा शुरू करने वाले हैं. एक नाजुक अर्थव्यवस्था, निष्क्रिय संवैधानिक और वैधानिक संस्थाएं, और एक कमज़ोर क़ानून और व्यवस्था की स्थिति."
उन्होंने बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा, "मैं देश भर में सभी स्तरों पर बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सैकड़ों उकसावे की कार्रवाई के बावजूद शांत और सतर्क रहने की अपील करता हूं ताकि कहीं भी कोई अप्रिय घटना न घटे. ताकि कोई भी बुरी ताक़त इस स्थिति का फायदा उठाकर कोई अप्रिय घटना न कर सके."
तारिक़ रहमान ने कहा कि बांग्लादेश में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उन्होंने कहा, "किसी सियासी दल से जुड़े होने, धर्म, जाति या मतभेदों की परवाह किए बिना, किसी भी बहाने से कमज़ोर पर ताक़तवर का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा." (bbc.com/hindi)


