अंतरराष्ट्रीय
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने देश में हुए आम चुनाव को 'धोखे और स्वांग का चुनाव' कहा है.
शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर एक लंबा बयान जारी किया है.
बयान के मुताबिक़, शेख़ हसीना ने चुनाव को लेकर कहा, "मतदान केंद्रों पर मतदाता नहीं थे, फिर भी मतगणना की मेजों पर वोट मौजूद थे."
उन्होंने कहा, "12 फ़रवरी को देश ने एक पहले से तय धोखे और स्वांग वाले चुनाव को देखा. यह चुनाव बांग्लादेश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक शर्मनाक अध्याय के रूप में दर्ज होगा."
शेख़ हसीना ने चुनावी आंकड़ों पर सवाल उठाए और 'गंभीर अनियमितताओं' के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कई आंकड़े 'असंगत और झूठे' लगे.
उन्होंने कहा, "मतदान की रफ़्तार आम तौर पर सुबह, ख़ासकर 11 बजे से पहले सबसे तेज़ होती है. फिर भी उस दौरान केवल 14.96% मतदान दर्ज हुआ और दोपहर तक यह अचानक बढ़कर 32.88% हो गया. एक ही घंटे में यह उछाल असामान्य है."
उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग की ओर से बताए गए कुल वोटों का आंकड़ा देशभर से मिली ज़मीनी तस्वीर से मेल नहीं खाता. खाली मतदान केंद्र, निष्क्रिय बूथ और मतदाताओं की ग़ैर-मौजूदगी देखी गई."
इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री ने जनमत संग्रह की प्रक्रिया और इसके नतीजे देरी से जारी किए जाने पर भी सवाल उठाए. (bbc.com/hindi)


