अंतरराष्ट्रीय
बांग्लादेश में चुनाव हारने के बाद जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफ़ीक़ुर रहमान ने आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान भले ही निष्पक्ष रहा हो, लेकिन मतगणना के दौरान 'अनियमितताओं और हेरफेर' के ज़रिए नतीजों में बदलाव किया गया.
13वें संसदीय चुनाव के परिणाम आने के बाद शफ़ीक़ुर रहमान ने शुक्रवार रात ढाका के मोग़बाज़ार स्थित पार्टी के केंद्रीय दफ़्तर में 11 दलों के चुनावी गठबंधन की ओर से प्रेस कॉन्फ़्रेंस की, जहां उन्होंने कई आरोप लगाए.
बांग्लादेशी अख़बार 'द डेली स्टार' के मुताबिक़, जमात प्रमुख ने देश के अलग-अलग हिस्सों में 11 दलों के गठबंधन के नेताओं, कार्यकर्ताओं, एजेंटों और मतदाताओं के घरों पर हमलों का भी आरोप लगाया. उन्होंने इन गतिविधियों को 'फासीवादी' कहा.
जमात प्रमुख ने कहा, "चुनाव में जीत और हार होना स्वाभाविक है और अगर यह सामान्य रूप से हो तो लोग आम तौर पर उसे स्वीकार करते हैं. लेकिन अगर बड़े स्तर पर भेदभाव या अनियमितता हो तो स्वाभाविक रूप से सवाल उठते हैं."
उन्होंने कहा, "जो लोग ऐसे ग़लत काम में शामिल हैं, उन्हें इसकी पूरी ज़िम्मेदारी उठानी होगी."
शफ़ीक़ुर रहमान ने यह भी आरोप लगाया कि कई जगहों पर नतीजों की घोषणा अचानक रोक दी गई.
उन्होंने कहा, "हमारे पास ऐसे दस्तावेज़ हैं जो दिखाते हैं कि कई जगहों पर रिज़ल्ट शीट के साथ छेड़छाड़ की गई. कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में दोहरे मापदंड अपनाए गए."(bbc.com/hindi)


