अंतरराष्ट्रीय
-ओसमंड चिया
रूस की ओर से मैसेजिंग एप्स पर सख़्त पाबंदियां बढ़ाई जा रही हैं. व्हाट्सएप ने एक बयान जारी कर कहा कि रूस ने देश के अंदर व्हाट्सएप को "पूरी तरह ब्लॉक करने की कोशिश" की है.
मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने कहा कि इस क़दम का मक़सद रूस में उसके 10 करोड़ से अधिक यूज़र्स को एक "सरकार नियंत्रित निगरानी एप" की ओर धकेलना है.
यह क़दम ऐसे समय उठाया गया है जब रूसी नियामकों ने सुरक्षा की कमी का हवाला देते हुए टेलीग्राम की पहुंच भी अधिक सीमित कर दी है. रूस में टेलीग्राम के यूज़र्स की संख्या व्हाट्सएप के बराबर मानी जाती है.
बीबीसी ने इस मामले पर रूस से प्रतिक्रिया जाननी चाही, लेकिन इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
व्हाट्सएप ने अपने बयान में कहा, "10 करोड़ से अधिक यूज़र्स को निजी और सुरक्षित संवाद से अलग करने की कोशिश पीछे की ओर ले जाने वाला क़दम है और इससे रूस में लोगों की सुरक्षा कम होगी."
कंपनी ने कहा, "हम यूज़र्स के जुड़े रहने के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे." (bbc.com/hindi)


