अंतरराष्ट्रीय

कनाडा के स्कूल में गोलीबारी: 18 साल के संदिग्ध हमलावर के बारे में ये पता चला
12-Feb-2026 8:42 AM
कनाडा के स्कूल में गोलीबारी: 18 साल के संदिग्ध हमलावर के बारे में ये पता चला

-एना फ़ेगी

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हुई एक गोलीबारी की घटना में आठ लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं. इस मामले में पुलिस ने 18 साल के एक शख़्स की पहचान संदिग्ध के तौर पर की है.

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध जेसी वैन रूटसेलार घटनास्थल पर मृत पाए गए. उनके शरीर पर ख़ुद को गोली मारने के कारण चोट के निशान थे. हमले का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं है.

टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में छह लोगों की मौत हुई और कम से कम 25 अन्य घायल हुए. दो अन्य लोग पास के एक घर में मृत पाए गए. इनमें संदिग्ध की 39 वर्षीय मां और 11 वर्षीय सौतेला भाई शामिल हैं.

अधिकारियों ने बताया कि वैन रूटसेलार जन्म से पुरुष थे, लेकिन वह ख़ुद की पहचान महिला के रूप में करती थीं.

रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ड्वेन मैकडॉनल्ड ने कहा, "मैं कह सकता हूं कि जेसी पुरुष के रूप में जन्में, जिन्होंने लगभग छह साल पहले महिला के रूप में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की थी."

मैकडॉनल्ड ने बताया कि पास के घर में गोलीबारी पहले हुई, उसके बाद संदिग्ध स्कूल गया. स्कूल में मारे गए लोगों में 39 वर्षीय एक शिक्षिका, तीन 12 वर्षीय छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं, जिनमें एक की उम्र 12 वर्ष और दूसरे की 13 वर्ष थी.

अधिकारियों का मानना है कि गोलीबारी की इन घटनाओं में कोई अन्य संदिग्ध शामिल नहीं है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट