गरियाबंद

भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, नवापारा की कार्यकर्ताएं हुईं शामिल
21-Feb-2021 7:34 PM
  भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, नवापारा की कार्यकर्ताएं हुईं शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 21 फरवरी। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा शनिवार को आयोजित प्रदेश व्यापी मातृशक्ति स्वाभिमान मार्च के अंतर्गत नवापारा भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारिणी सदस्य साधना सौरज व तनु मिश्रा के नेतृत्व में सम्मिलित हुर्इं। रायपुर के बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर आयोजित मातृशक्ति स्वाभिमान मार्च में प्रदेश के कोने-कोने से महिला मोर्चा की कार्यकर्ताएं पहुंची थीं। जिन्होंने लगातार प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ रहे अनाचार के मामले को लेकर सरकार की उदासीनता के खिलाफ हल्ला बोला और जमकर नारेबाजी की।

साधना सौरज ने कहा कि प्रदेश में बेटियां इतनी असुरक्षित हैं कि अब सुरक्षा की मांग को लेकर हम बेटियों को प्रदर्शन के लिए एकजुट होना पड़ रहा है। लगातार प्रदेश के अंदर बेटियों के साथ अनाचार की घटनाये सामने आ रही हंै। प्रदेश की असंवेदनशील सरकार को कहीं भी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी तो यह केवल एक ललकार है अगर इसके बाद भी प्रदेश सरकार इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाती है तो आगामी दिनों मे इसका खामियाजा वर्तमान सरकार को भुगतना पड़ेगा।

तनु मिश्रा ने भी कहा कि जब भी मातृशक्ति एकजुटता के साथ एकत्र होती है तो न्याय जरूर होता है। प्रदेश की सरकार केवल सत्ता के आनंद में डूबी हुई है उसे बेटियों की रक्षा की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के नाम पर सत्ता में आयी कांग्रेस शराबबंदी करने के बजाय अवैध शराब के कारोबार में संलग्न है जिसके कारण आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा व शराबबंदी को लेकर राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की अस्मिता के लिए हम सब एकजुटता के साथ कार्य करेंगे।

 इस दौरान नवापारा भाजपा महिला मोर्चा से प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारिणी सदस्य साधना सौरज, तनु मिश्रा, पार्षद पदमिनी सोनी, अन्नपूर्णा देवांगन, संतोषी कंसारी, हर्षा कंसारी, नीता धीवर, किरण सोनी, राजू बाई साहू, यमुना कंसारी, सीता कंसारी, ललिता कंसारी, जिनेश्वरी धु्रव, राज बाई शर्मा, गोमती नगारची सहित बड़ी सैकड़ो की संख्या में महिला कार्यकर्ताएं उक्त मार्च मे शामिल हुई थी।


अन्य पोस्ट