गरियाबंद

धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं का अंबार-चंदूलाल
12-Jan-2021 5:59 PM
धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं का अंबार-चंदूलाल

भाजपा नेताओं ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, कई समस्याएं मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 12 जनवरी।
फिंगेश्वर विकासखंड के धान खरीदी केंद्रों में वर्तमान विपणन वर्ष में चल रही धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने भाजपा नेताओं ने धान खरीदी केंद्रों का सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न सोसाइटियों में किसानों ने बारदाने की कमी बताई।

कई किसानों ने यह भी बताया कि वे दो दिसंबर से धान बेचे हैं, जिसका भुगतान अब तक नहीं मिला है एवं खरीदी केंद्रों में उठाव नहीं होने कारण जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। किसानों की शिकायत पर नेताओं ने तत्काल समस्या के निराकरण करने का आश्वासन दिया। भाजपा नेताओं ने गुंडरदेही, जामगांव, फि ंगेश्वर, भसेरा, बासिन खरीदी केंद्र सहित विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। 

इस दौरान महासमुंद लोकसभा के पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि जिस धीमी रफ्तार से धान खरीदी चल रही है, उस गति से पूरी खरीदी हो पाना असंभव है। इसलिए खरीदी का समय बढ़ाने चाहिए। 
खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। कई जगहों पर किसानों के बारदाने से धान खरीदी की जा रही है और उसके एवज में किसानों के लिए जो बारदाने की कीमत तय की गई है, वह बाजार मूल्य से आधा है। 
जिला पंचायत सदस्य व राजिम कोऑपरेटिव सोसायटी के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने उपस्थित किसानों से कहा कि तीन कृषि विधेयकों के विषय में चर्चा कर उनके फायदे बताते हुए कहा गया कि जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल संसद में लाया गया है, वह किसान भाइयों के हित में है। विपक्ष तरह-तरह के प्रपंच कर किसानों और किसान संगठनों को भ्रमित करने का कार्य कर रही है, इनके बहकावे में आने से सभी किसान साथियों को बचना चाहिए। 

अभी धान खरीदी में मात्र 13 दिन शेष हैं और अधिकांश किसान अभी धान नहीं बेच पाए हैं। यह भूपेश बघेल सरकार की किसान विरोधी रवैया का प्रमाण है। 
इस अवसर पर प्रमुख रूप से वरिष्ट भाजपा नेता रामूराम साहू, फिंगेश्वर मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल सोनकर, राजिम अध्यक्ष कमल सिन्हा, अरुण सिन्हा, उमराव सिन्हा, गोपचन्द बेनर्जी, कृषलाल साहू, दशरथ सिन्हा, प्रेमलाल टोडर, भाजयुमो जिला महामंत्री राजू साहू, वीरेंद्र साहू, देवेंद्र साहू सहित भाजपा नेता मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट