गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 25 अगस्त। श्री कुलेश्वरनाथ बोल बम कांवरिया संघ के तत्वावधान में तीन पवित्र नदियों के स्वर्णिम संगम पर विराजमान देवाधिदेव भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का भव्य जलाभिषेक कार्यक्रम 26 अगस्त बुधवार को आयोजित किया गया है। जलाभिषेक कार्यक्रम सुबह 8 बजे से विधिवत प्रारंभ होगा।
आयोजन को लेकर कांवरिया संघ एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान भक्तजन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना एवं दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
आयोजन संस्था ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की विनम्र अपील की है।
संघ द्वारा आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां भी की जा रही हैं। श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।