गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 10 जुलाई। गांजा तस्करी के प्रकरण में विशेष न्यायालय (एनडीपीएस) ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 2-2 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। तीनों आरोपियों पर 6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर उन्हें अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा।
मामले के अनुसार थाना राजिम में दर्ज अपराध क्रमांक 186/2025 की सुनवाई के दौरान विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस) श्री शैलेश शर्मा ने उपलब्ध साक्ष्यों और पुलिस की प्रभावी पैरवी के आधार पर फैसला सुनाया। शासन की ओर से लोक अभियोजक स्वाति शर्मा ने न्यायालय में पक्ष रखा।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में मुखबिर की सूचना पर थाना राजिम पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को अवैध गांजे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और समय पर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया। मजबूत विवेचना और प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय ने तीनों आरोपियों ओमप्रकाश बंजारे, पंकज डहरिया , इजराइल खान तीनों निवासी रायपुर को दोषी करार देते हुए कठोर सजा सुनाई।