गरियाबंद

कुल्हाड़ीघाट में वन सुरक्षा व रोजगार पर विशेष बैठक
15-Apr-2026 4:33 PM
कुल्हाड़ीघाट में वन सुरक्षा व रोजगार पर विशेष बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 15 अप्रैल । वनपरिक्षेत्र कुल्हाड़ीघाट अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हाड़ीघाट में आज वन विभाग द्वारा विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वनपरिक्षेत्र अधिकारी कुल्हाड़ीघाट द्वारा की गई, जिसमें सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, वन अमला, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

बैठक में वनों को आग से बचाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि अग्नि घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है, तो आगामी वर्ष में तेंदूपत्ता तोड़ाई पूर्ण रूप से प्रतिबंधित की जा सकती है। साथ ही ग्रामीणों को शिकार के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए तीर-धनुष लेकर जंगल न जाने की समझाइश दी गई। अवैध शिकार या शिकार के उद्देश्य से जंगल में पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन्यकर्मियों के साथ समन्वय बनाकर वनों एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा में सहयोग करें। इसके अलावा अन्य राज्यों से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों या वन अपराध से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना देने पर गुप्त इनाम की जानकारी भी दी गई।

बैठक के दौरान बन सिंह सोरी द्वारा कमार भाषा में ग्रामीणों को वन अपराध के विषय में विस्तार से समझाया गया, जिससे स्थानीय लोगों में जागरूकता बढ़ी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को स्वल्पाहार वितरित किया गया।

ग्रामीणों ने बैठक में रोजगार उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने बताया कि रोजगार के अभाव में क्षेत्र के लोग आंध्र प्रदेश व तमिलनाडु जैसे राज्यों में ईंट भ_ों एवं अन्य कार्यों के लिए पलायन करने को मजबूर होते हैं। इस पर अधिकारियों ने इको-पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन की समस्या में कमी आएगी।

बैठक में कुल्हाड़ीघाट वनपरिक्षेत्र के कर्मचारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं पंचगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट