गरियाबंद

हमारा संविधान गीता,बाइबिल और कुरान की तरह पवित्र है- बजाज
15-Apr-2026 3:56 PM
हमारा संविधान गीता,बाइबिल और कुरान की तरह पवित्र है- बजाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 15 अप्रैल। भारतीय संविधान के जनक भारत रत्न डॉ.भीमराव अम्बेडकर की 136 वीं जयंती के अवसर पर नवापारा नगर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने डॉ.अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा समस्त नगरवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि हमारा संविधान गीता,बाइबिल और कुरान की तरह पवित्र है,अत: हम सभी को इसका उसी प्रकार सम्मान करना चाहिए,उन्होंने आगे कहा कि हमें संविधान का पालन करते हुए समाज में न्याय, स्वतंत्रता और समानता को और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने डॉ.अम्बेडकर जी के प्रेरणादायी विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो के मार्ग पर चलकर ही समाज का समग्र विकास संभव है। श्री बजाज ने सभी नागरिकों से बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर के वार्ड क्रमांक 8 में समरसता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से समाज में एकता,भाईचारा एवं समानता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, परदेसी राम साहू, मुकुंद मेश्राम सहित बड़ी संख्या में नगर वासी उपस्थित थे। मंच संचालन झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दयालु गाड़ा ने किया। वहीं जिला सह संयोजक माया राम साहू ने आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट