गरियाबंद

पोर्टेबल एक्स-रे से टीबी जांच शुरू
13-Apr-2026 4:24 PM
पोर्टेबल एक्स-रे से टीबी जांच शुरू

182 गांवों में 100 दिवसीय विशेष शिविर अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद,13 अप्रैल । जिला मुख्यालय से लगभग 40-45 किमी दूर सुदूर वनांचल एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम कमारभौंदी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक अभिनव पहल देखने को मिली। जिला प्रशासन द्वारा पहली बार यहां एआई आधारित पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से ग्रामीणों को आधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस अत्याधुनिक मशीन की विशेषता यह है कि यह बिना बिजली के भी बैटरी से संचालित हो सकती है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों में भी इसका उपयोग संभव है। साथ ही इसमें कम रेडिएशन निकलता है और जांच रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध हो जाती है, जिसे मरीज अपने मोबाइल या अन्य डिजिटल माध्यम से देख सकते हैं। इस तकनीक के माध्यम से विशेष रूप से टीबी जैसी गंभीर बीमारी की पहचान सरल और त्वरित हो गई है।

शिविर के दौरान लगभग 40 ग्रामीणों ने एक्स-रे जांच करवाई और समय पर बीमारी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह पहल ‘निक्षय निरामया छत्तीसगढ़’ अभियान के तहत की जा रही है, जिसके अंतर्गत जिले के 182 गांवों में 100 दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर संदेहास्पद मरीजों की जांच की जाएगी।

इस अवसर पर कलेक्टर बीएस उइके, पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जनपद अध्यक्ष सोहन यादव, जनपद उपाध्यक्ष लेखराम साहू, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, डीपीएम गणपत नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट