गरियाबंद

राजिम में 283 जोड़े विवाह बंधन में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने दिया आशीर्वाद
11-Feb-2026 8:18 PM
 राजिम में 283 जोड़े  विवाह बंधन में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने दिया आशीर्वाद

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजिम, 11 फरवरी। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मंगलवार को राजिम के नवीन मेला मैदान (चौबेबांधा) में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजिम विधायक रोहित साहू ने की। उन्होंने नव विवाहित जोड़ों को विवाह और खुशहाल जीवन की शुभकामना देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

श्री अग्रवाल ने कहा कि 283 जोड़ों का एक साथ सामूहिक विवाह संपन्न होना बहुत बड़ी बात है। जिसमें राजिम विधानसभा के 94, बिन्द्रनवागढ़ विधानसभा के 181 एवं कुरूद विधानसभा के 8 जोड़े शामिल है। इसमें 4 आत्मसमर्पित नक्सली नवदंपतियां भी शामिल है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विभाग द्वारा 50 हजार रूप्ये का व्यय किया जाता है। जिसमें 35 हजार वधु के बैंक खाते में हस्तांतरित कर किया जाता है तथा 7 हजार रूपये के श्रृंगार सामग्री एवं व्यवस्था मद में प्रति जोड़े 8 हजार का खर्च किया जाता है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में बेटी की शादी हर परिवार के लिए एक बड़ा सपना और बड़ी चिंता होती है। राज्य सरकार द्वारा आयोजित सामूहिक कन्या विवाह जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बहुत बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही 35 हजार रुपये की सहायता राशि से परिवारों को सहारा मिलता है और वे सम्मान के साथ अपनी बेटी का विवाह कर पाते हैं। जब कई बेटियों की शादी एक साथ, पूरे सम्मान और रीति-रिवाजों के साथ होती है, तो यह समाज के लिए गर्व की बात है। श्री अग्रवाल ने जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनका वैवाहिक जीवन सुख, शांति और प्रेम से भरा रहे तथा दोनों परिवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के सफल आयोजन पर राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह योजना सरकार की संवेदनशील सोच और जनकल्याणकारी भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में विवाह करना आर्थिक बोझ बन गया है, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान है। श्री साहू ने कहा कि सामूहिक विवाह के माध्यम से बेटियों का विवाह पूरे सम्मान, रीति-रिवाज और खुशी के साथ संपन्न कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा दी जा रही आर्थिक सहायता से माता-पिता को बड़ी राहत मिलती है और वे बिना चिंता अपनी बेटियों का घर बसाते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। 

इस मौके पर पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पालिका परिषद् राजिम के अध्यक्ष महेश यादव, जनपद पंचायत फिंगेश्वर अध्यक्ष इंद्राणी साहू, जनपद पंचायत छुरा के अध्यक्ष मीरा ठाकुर, जनपद पंचायत गरियाबंद के अध्यक्ष सोहन ध्रुव, मोहना नेताम, पद्मालया निधि, लालिमा ठाकुर, नंदनी साहू, सतीष यादव, पुर्णिमा चंद्राकर, चंद्रशेखर साहू, रिकेश साहू, संजु साहू, दुलीचंद आण्डे, धनेन्द्र साहू, सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

आत्मसमर्पित नक्सल जोड़ों की भी शादी

मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना की खासियत यह है कि इसमें 04 जोड़े आत्मसमर्पित नक्सली थे। ये विवाह बंधन में बंध रहे थे। पंडित मंत्रोचार कर रहे थे और जैसे ही एक-दूजे के हुए, उसके बाद तो बिना बोले ही छत्तीसगढ़ सरकार की इस योजना की तारिफ कर रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक ये 4 जोड़े में दिलीप उर्फ संतु - मंजुला उर्फ लखमी, दीपक उर्फ  भीमा मंडावी - सूनीता उर्फ जुनकी, कैलाश उर्फ भीमा - रनीता उर्फ पायकी कारम, राजेंद्र उर्फ कोसा मुरिया- जैनी उर्फ देवे मड़कम है। यह सभी कांकेर-सुकमा-बीजापुर जिले से है। इन लोगों ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यधारा में जुड़ने के बाद हमें नया जिंदगी मिला है। जीवनसाथी के साथ आप सब के आशीर्वाद से खुशहाल जिंदगी बसर करेंगे।


अन्य पोस्ट